
नादौन (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नौहंगी में मजदूरों को कम दिहाड़ी मिलने के मामले में डीआरडीए की टीम ने जांच की। डीआरडीए एसडीओ के नेतृत्य में जांच टीम पंचायत में पहुंची तथा मजदूरों की उपस्थिति में निर्माण कार्यों की दोबारा पैमाइश की। जांच प्रक्रिया के दौरान पंचायत प्रधान भी उपस्थित थे। टीम ने तीनों निर्माण कार्यों पर जाकर कार्य की दोबारा पैमाइश व असेस्मेंट की। एसडीओ केसी मस्ताना टीम का नेतृत्व कर रहे थे। ग्राम पंचायत प्रधान प्रकाश चंद भी मौके पर उपस्थित थे।
नौहंगी में मनरेगा के तहत तीन कार्यों के मस्ट्रोल आए थे, जिसमें पहला सुखराम की भूमि को समतल करने का कार्य, दूसरा संपर्क मार्ग नरड़ी से दरकौला का निर्माण तथा तीसरा प्रकाश चंद के वाटर टैंक निर्माण का था। मजदूरों के अनुसार नियमों के अनुसार सभी निर्माण कार्यों पर काम किया, लेकिन उनके काम का कम मूल्यांकन किया गया तथा मजदूरों को कम मजदूरी प्रदान की गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कार्य की असेस्मेंट सही ढंग से नहीं की गई है तथा मनमर्जी से दिहाड़ी का आंकलन किया गया है। मजदूरों ने कम दिहाड़ी मिलने की शिकायत विभाग के अधिकारियों से की थी। जिस पर टीम को भेज जांच की जा रही है।
मनरेगा में कार्य करने वाले मेहरदीन, अमर सिंह, प्रीतम सिंह, सावित्री देवी, सुमन देवी, सत्या देवी, संध्यादेवी, अमर सिंह, अंजना देवी, संतोष कुमारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे। मजदूरों ने पूर्व में बीडीओ द्वारा की गई जांच को भी नकार दिया था। ग्राम पंचायत प्रधान प्रकाश चंद ने जांच प्रक्रिया पर असंतोष जताया। जांच अधिकारी एसडीओ केसी मस्ताना ने कहा कि तथ्य एकत्रित कर लिए गए हैं तथा जल्द ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रदान कर दी जाएगी।
