
नई दिल्ली: योजना आयोग द्वारा गरीबी रेखा का आकलन करने के तरीके पर निशाना साधते हुए दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष विजय गोयल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 33 रुपए का मनीऑर्डर भेजा है।
गोयल ने कहा कि यह योजना आयोग के उस आकलन के खिलाफ प्रदर्शन करने का भाजपा का अपनी तरीका है जिसमें कहा गया है कि रोजाना 33 कमाने वाला गरीब नहीं है।
गरीबी रेखा के लिए इस आकलन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। कल इसी आकलन के आधार पर फिर से योजना आयोग ने कहा कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में गरीबी कम हुई है।
गोयल ने कहा, ‘‘गरीबी कम होने को लेकर योजना आयोग ने जो तोड़-मरोड़कर आंकड़ा पेश किया है, उसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। शहरी क्षेत्रों में गरीबी रेखा के आकलन को जो आधार तय किया गया है, वह हास्यास्पद है।’’
