
मंगलौर: नगर के एक कन्या इंटर कालेज में मिड-डे-मील सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में बनाया जायेगा। कालेज ने उक्त निर्णय बिहार में मिड-डे-मील के कारण बच्चों के बीमार होने की वजह से लिया है। क्षेत्र के केवल कन्या पाठशाला इंटर कालेज में मिड-डे-मील माध्याह्न भोजन अब सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में बनाया व परोसा जाएगा। जिससे भोजन की शुद्धता पर बारीकी से नजर रखी जायेगी, वहीं भोजन-माता भी अपने कार्य में लापरवाही नहीं बरत सकेगी।
बिहार में मिड-डे-मील माध्याह्न भोजन खाने से बीमार हुए बच्चों के मामले को गंभीरता से लेते हुए कालेज प्रबंध समिति ने तीसरी आंख के जरिये मिड-डे-मील माध्याह्न भोजन पर निगरानी रखने का निर्णय लिया है। गत दिवस कालेज प्रबंधक ने कालेज का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे का जायजा लिया। कालेज प्रधानाचार्या डा. सविता वत्स ने बताया कि वैसे तो कालेज में मिड-डे-मील बनाये जाने में पूरी सावधानी बरती जाती है, लेकिन फिर भी सुरक्षा के लिहाज से कालेज में मिड-डे-मील की निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। बताया गया कि सीसीटीवी कैमरों को कालेज प्रधानाचार्या के कमरे से संबद्ध किया गया है।
