
धर्मशाला। डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में एक नाबालिग लड़की से आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप एक व्यक्ति पर लगा है। कुछ लोगों ने आपत्तिजनक हरकतें करने वाले व्यक्ति को टांडा स्थित पुलिस चौकी के हवाले किया। व्यक्ति से पुलिस ने पूछताछ भी की लेकिन इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज न होने से मामला दर्ज नहीं किया गया। हालांकि, डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है फिर भी यदि शिकायत उनके पास आती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्र बताते हैं कि लड़की अस्पताल में उपचाराधीन थी। उसे बुधवार को डिस्चार्ज किया जाना था। बुधवार को एक व्यक्ति अस्पताल के वार्ड में गया और लड़की को कहा कि उसे कुछ किताबें देनी हैं।
किताबें देने के बहाने व्यक्ति लड़की को अस्पताल की एकांत जगह पर ले गया। यहां वह लड़की से आपत्तिजनक हरकतें करने लगा। लड़की शोर मचाकर भागी। लड़की जैसे तैसे अपने परिजनों के पास पहुंची तो उसने आपबीती सुनाकर व्यक्ति का हुलिया बताया। परिजनों ने वहां कुछ लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस चौकी के सुपुर्द किया। सूत्र बताते हैं कि इस संदर्भ में व्यक्ति से पूछताछ की गई लेकिन परिजनों की ओर से इस मामले की शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। बाद में व्यक्ति को छोड़ दिया गया। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि मामला उनके ध्यान में नहीं लाया गया है। फिर भी यदि शिकायत आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
