
केलांग। योजना समिति की बैठक में घाटी के विकास के लिए करीब 123 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने की। बजट को स्वीकृति के लिए हिमाचल सरकार को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विकास के लिए योजना की भूमिका अहम है। जनजातीय क्षेत्रों में सीमित कार्य अवधि को देखते हुए सही ढंग से योजनाएं बननी जरूरी हैं। इससे पूर्व डीसी वीर सिंह ठाकुर ने वन मंत्री का स्वागत किया। त्रि स्तरीय पंचायतीराज संस्थानों से जिले के विकास के लिए प्रारूप तैयार किया है। बैठक में जिप सदस्य प्रेम सिंह कटोच के सवाल का जवाब देते हुए ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि आने वाले कुछ सालों में रोहतांग सुरंग बन जाने के बाद घाटी में पर्यटकों की आमद बढ़ जाएगी। ऐसे में संगठनात्मक ढांचे के विकास तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अभी से ही योजनाबद्ध तरीके से पहल करनी होगी। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं को सही तरीके से अमलीजामा पहनाकर विकास में सहयोग दें। बैठक में पूर्व विधायक ठाकुर रघुवीर सिंह, कृषि विपणन बोर्ड के सदस्य सुरेश कारदो, टीएसी मेंबर प्यारे लाल, जिप सदस्य शशि किरण, मानदासी, लाहौल प्रधान संघ के अध्यक्ष वीर सिंह समेत उदयपुर और केलांग के एडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
