सीजन के शुरुआत में औंधे मुंह गिरे दाम

रोहडू। सेब सीजन के शुरुआत में ही सेब के दाम औंधे मुंह गिर गए हैं। बागवानों को उम्मीद से काफी कम दाम मिल रहे हैं। मंडी में सेब की आमद भी काफी बढ़ गई है। सेब के साथ-साथ नाशपाती के दामों में भी काफी गिरावट आई है। छोटे आकार के सेब की अधिक आमद दाम में आई गिरावट का कारण माना जा रहा है। रोहडू सब्जी मंडी में सेब की रोजाना दस हजार सेब पेटियां पहुंच रही हैं। बागवानों को पिछले साल के मुकाबले सेब के काफी कम दाम मिल रहे हैं। सेब सीजन के शुरुआत में ही सेब के दामों में आई गिरावट से बागवानों की चिंता बढ़ गई है। पिछले वर्ष स्पर सेब के दाम 1200 रुपये से अधिकतम 2200 रुपये प्रति पेटी और रॉयल सेब के दाम एक हजार से अधिकतम 2000 रुपये प्रति पेटी बने हुए थे। इस वर्ष स्पर सेब 700 से 1300 रुपये प्रति पेटी तथा रॉयल 500 से 1200 रुपये प्रति पेटी बिक रहा है। मंडी में सेब की आमद भी काफी बढ़ गई है। रोहडू सब्जी मंडी के आढ़ती सोहन लाल चौहान तथा अरविंद तेगटा ने बताया कि सेब के दामों में काफी गिरावट आ गई है। छोटे आकार के सेब के कारण बागवानों को सेब के अच्छे दाम नहीं मिल रहे हैं। रोहडू मंडी में मार्केटिंग कमेटी के अधिकारी एचआर ठाकुर ने बताया कि मंडी में सेब की आमद काफी बढ़ गई है। लेकिन, सेब के दामों में काफी गिरावट आई है। छोटे आकार का सेब मंडी में अधिक आ रहा है। इसके चलते सेब के दाम गिरे हैं।

Related posts