
हरिद्वार। दिल्ली भाजपा विधायक के भतीजों और भानजों ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक होटल में बवाल काटा। प्रापर्टी को लेकर हुए विवाद में यह आपस में भिड़ गए और होटल में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लिया। लेकिन बाद में मामले ही रफा-दफा कर दिया।
कनखल पुलिस ने बताया कि हाईवे स्थित एक होटल में सोमवार रात साहिबाबाद (दिल्ली) निवासी चार युवक रुके हुए थे। रात में पार्टी के दौरान चारों में एक प्रापर्टी को लेकर कहासुनी हो गई। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे विवाद बढ़ने पर चारों आपस में ही भिड़ गए। चारों में जमकर मारपीट हुई। विवाद बढ़ता देख होटल कर्मी छुड़ाने पहुंचे। लेकिन, रौब गालिब करते हुए युवकों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों युवकों को कनखल थाने ले आई। लेकिन, यहां कार्रवाई करने के बजाए पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुट गई। पुलिस ने होटल वाले को नुकसान दिलाया और मामला अपने स्तर से निपटा दिया। पुलिसवालों ने युवकों का मेडिकल तक नहीं कराया। कनखल थानाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने बताया कि होटल में विधायक के रिश्तेदारों के बीच विवाद हुआ था। युवकों ने होटल स्वामी को हर्जाना देकर आपस में समझौता कर लिया है।
