हिमस्खलन से पिथौरागढ़ का जांबाज शहीद

कनालीछीना। सात कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात कनालीछीना विकासखंड के सतगढ़ का एक जांबाज लद्दाख में हिमस्खलन की चपेट में आने से शहीद हो गया है। शहीद का शव बुधवार को पिथौरागढ़ पहुंचने की संभावना है।
कनालीछीना से तीन किमी दूर सतगढ़ का दीपक कापड़ी (30) पुत्र कृष्णानंद कापड़ी सात कुमाऊं रेजीमेंट में लद्दाख में तैनात था। 21 जुलाई को वह हिमस्खलन की चपेट में आ गया। 22 जुलाई को शहीद का शव सेना ने रिकवर किया है। ग्राम प्रधान सावित्री कापड़ी ने बताया कि दीपक के शहीद होने की सूचना परिजनों को मिल गई है। मंगलवार को उसके शव का चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम किया गया। पार्थिव शरीर बुधवार की शाम तक शहीद के गांव पहुंचने की संभावना है।
सेना के रिटायर्ड सूबेदार कृष्णानंद कापड़ी का यह सुपुत्र चार साल पहले ही सेना में भर्ती हुआ था। तीन साल पहले माजिरकांडा गांव निवासी प्रेमा के साथ दीपक का विवाह हुआ था। शहीद कादो साल का लड़का संजय है। दीपक के शहीद होने की सूचना के बाद से दीपक के घर में कोहराम मचा है। पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया है। दीपक की पत्नी, मां, पिता के साथ ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। कांग्रेस प्रदेश पार्षद एडवोकेट रमेश कापड़ी ने शहीद के परिजनों को सांत्वना दी है।

Related posts