
लंबगांव (टिहरी)। राइंका लंबगांव में शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। अभिभावकों ने विद्यालय का हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक न होने पर हंगामा किया और शिक्षकों को खरी-खोटी सुनाई।
इंटर बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के 57 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें मात्र 7 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अन्य 50 विद्यार्थी फेल हो गए थे। विद्यालय में पठन-पाठन ठीक न होेने का ठीकरा अभिभावकों ने शिक्षकों के सिर फोड़। शिक्षकों ने भी खराब परीक्षाफल के लिए अभिभावकों को दोषी बताया। शिक्षकों का कहना था कि अभिभावक घर पर बच्चाें की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते हैं। बैठक में हंगामा होने से अभिभावक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। बैठक में प्रधानाचार्य सीएम रतूड़ी, पूर्व अध्यक्ष देवी सिंह पंवार, त्रैपन सिंह रावत, खुशाल सिंह रावत, बसंत सिंह पंवार, राजेंद्र सिंह व पुष्पेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
