
चंबा (टिहरी)। नागणी-जड़धारगांव मोटर मार्ग पर किए गए डामरीकरण पर ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे पीएमजीएसवाई के एसई का घेराव किया। डामरीकरण कार्य में सुधार लाने की मांग की। एसई ने ग्रामीणों को कार्य की उच्च गुणवत्ता का आश्वासन दिया।
नागणी-जड़धारगांव मोटर मार्ग के डामरीकरण पर ग्रामीण शुरू से ही सवाल खड़े कर घटिया डामर, सड़क की नालियां निर्माण न होने, चौड़ाई भी मानक के अनुरूप न करने का आरोप लगा रहे हैं। कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं। बावजूद पीएमजीएसआई के अधिकारी ग्रामीणों के आरोपों को गंभीरता से न लेकर कार्य में सुधार नहीं ला रहे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता बदन सिंह का ग्रामीणों ने घेराव कर सड़क की जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसई ने एक सप्ताह के भीतर कमियों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विजय जड़धारी, देवेंद्र थापा, रमेश जड़धारी, दिवाकर पैंयूली मौजूद थे।
