पति समेत पांच पर दहेज हत्या का मुकदमा

गदरपुर। पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार प्रात: वार्ड एक निवासी उपेन्द्र कुमार की पत्नी सुप्रिया का शव पंखे से लटका पाया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। मंगलवार सायं ग्राम अजोरपुर बलिया उत्तर प्रदेश निवासी कोतवाली पहुंची मृतका की मां, परिजनों ने कोतवाल पीके उप्रेती से सुप्रिया की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका की मां चन्द्रावती देवी के मुताबिक 17 फ रवरी 2009 को उन्हाेंने अपनी पुत्री सुप्रिया का वार्ड एक निवासी उपेन्द्र के साथ विवाह किया। आरोप था कि विवाह के बाद से ही ससुराली 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसकी पुत्री को आये दिन प्रताड़ित करते रहे। सोमवार को उन्होंने उसकी पुत्री सुप्रिया की हत्या कर उसके शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतका की मां चन्द्रावती देवी की तहरीर के आधार पर मृतका सुप्रिया के पति उपेन्द्र कुमार, सास किरन, ससुर डा. वीएन कुमार, जेठ संतोष, जेठानी नीरू के खिलाफ 304 बी, 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

Related posts