अस्पताल में तोड़फोड़, डॉक्टर और फार्मेसिस्ट को पीटा

किच्छा। हंसली नदी में दस साल का बच्चा डूब गया। नदी से निकालकर ग्रामीण बच्चे को अस्पताल में लाए। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चे को समय पर उपचार न मिलने से उसकी मौत हो गयी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने अस्पताल में तोड़फोड़, डॉक्टर और फार्मेसिस्ट से मारपीट की। मृतक के पिता ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाए हुए तहरीर सौंपी है।
मंगलवार अपराह्न बंडिया निवासी वीरेंद्र का दस साल का पुत्र विजय हंसली नदी के किनारे गया था। खेलते खेलते वह नदी में नहाने चला गया। इसी बीच वह गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। इसी बीच कुछ तैराक वहां पहुंच गए उन्होंने विजय को बाहर निकाला। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में आधा घंटे तक डॉक्टर नहीं आए। उनका आरोप है कि समय पर इलाज न मिलने के कारण विजय की की मौत हो गयी। मौत से गुस्साए लोगों ने डा. लव पांडेे और फार्मेसिस्ट डीके रूवाली के साथ मारपीट की। अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में जमकर उत्पात मचाया। खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और फर्नीचर पलट दिया। डॉक्टर और फार्मेसिस्ट ने भागकर जान बचाई। घटना की सूचना पर कोतवाल हरक सिंह फिरमाल पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। घटना के बाद परिजन शव को लेकर चले गए।

Related posts