जिला अस्पताल से कैदी फरार, दबोचा

उत्तरकाशी। चोरी के आरोप में सजा भुगत रहा एक कैदी सोमवार रात जिला अस्पताल से फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने उसे बडे़थी चुंगी के पास दबोचा। उसे न्यायालय में पेशी के लिए उत्तरकाशी लाया गया था। पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती किया गया था।
बिजनौर निवासी विक्की कुमार मातली में नाई का काम करता था। इसी साल 30 मई को पुलिस ने उसे चोरी के आरोप में टिहरी जेल भेजा था। उसे 19 जुलाई को पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर उत्तरकाशी लाया गया था, लेकिन सड़क मार्ग बंद होने से उसे हवालात में रखा गया। सोमवार सुबह पेट दर्द की शिकायत पर उसे जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां से वह रात आठ बजे वहां तैनात दो कांस्टेबलों मोहन सिंह व महेश कुमार कोे चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद से पुलिस कैदी की खोजबीन में जुट गई। मंगलवार अपराह्न तीन बजे पुलिस ने बडे़थी चुंगी के पास उसे धर दबोचा।

पेट दर्द की शिकायत पर कैदी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। सोमवार रात को अभिरक्षा में मौजूद एक पुलिस कर्मी खाना खाने गया और दूसरा वार्ड के बाहर फोन पर बात कर रहा था। इस दौरान मौका पाकर कैदी फरार हो गया। उसे बडे़थी चुंगी के पास पकड़ लिया गया है। कैदी के खिलाफ फरार होने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। – जेआर जोशी, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी

Related posts