
नई दिल्ली। तिहाड़ जेल से भागने के चक्कर में एक कैदी की मौत हो गई। हरि नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तिहाड़ प्रशासन ने मामले की जांच न्यायिक अधिकारी से कराने के आदेश दे दिए हैं। जेल नंबर एक में बंद कैदी पप्पू उर्फ मेहताब (35) ने मंगलवार सुबह करीब दस बजे ट्रक से लटक कर भागने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया। ट्रक सामान लेकर जेल संख्या एक में आया था। गंभीर हालत में कैदी को हरि नगर स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पप्पू को हनुमान मंदिर के बेसमेंट से गिरफ्तार किया गया था। तिहाड़ जेल प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने बताया कि पप्पू पर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। उसे 19 जुलाई को तिहाड़ जेल संख्या एक में लाया गया था। पप्पू को ड्रग्स लेने की आदत थी, लिहाजा उसे उसी दिन जेल में बने नशा मुक्ति केंद्र में भेज दिया गया था। 22 जुलाई को उसे वापस जेल संख्या एक में भेज दिया गया था।
