कॉलेजों में कॉमर्स की सीटें बढ़ाना मुश्किल

शिमला। राजधानी के प्रमुख कॉलेजों में कॉमर्स की सीटें बढ़ाना मुश्किल है। तीनों ही कॉलेजों में सिर्फ कॉमर्स में सीटें बढ़ाने की जरूरत है, मगर कक्षाओं के लिए न तो अतिरिक्त कमरे है और न ही शिक्षक। संजौली कॉलेज में कॉमर्स की सीटों को 80 से 120 किया गया है। कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी का कहना है कि कॉलेज में कक्षा लगाने को जगह नहीं है। अतिरिक्त स्टाफ भी नहीं है। यहां अब सीटें बढ़ाना मुश्किल है। कोटशेरा कॉलेज में भी कॉमर्स की ही सीटें भरी हैं। अन्य साइंस और आर्ट्स विषयों में सीटें खाली हैं। कॉलेज में पहले से चल रही कक्षाओं को भी रूम कम पड़ रहे हैं। ऐसे में सीटें बढ़ाना संभव नहीं। कॉलेज प्राचार्य डा. उमा रणदेव का कहना है कि कॉमर्स की सीटें बढ़ाई जाती हैं तो स्टाफ और क्लास रूम चाहिए। यहां भी कॉमर्स की सीटें पूरी भर चुकी हैं। आरकेएमवी में भी यही स्थिति है। यहां भी कॉमर्स की ही सीटें भरी हुई हैं। कॉलेज प्राचार्य मीरा वालिया ने भी माना कि कॉलेज में कॉमर्स की ही सीटें भरी हैं। सिर्फ इसी की सीटें बढ़ाई जा सकती हैं। इसके लिए क्लास रूम और अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती करने के बाद ही सीटें बढ़ाया जाना संभव हो पाएगा।

Related posts