रामपुर में कोल्ड स्टोर खोलेगा रेलवे

शिमला। भारतीय रेलवे रामपुर मे किंगल के पास सैंज में कोल्ड स्टोर खोलेगा। यहां पर दो हजार मीट्रिक टन सेब स्टोर किया जाएगा। सेब की पैकिं ग, ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग इकाइयां भी लगाई जाएंगी। इसके लिए हिमाचल सरकार ने रेलवे को 14 बीघा भूमि लीज पर देने को प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। प्री-कूलिंग करने के बाद यहां से सोनीपत स्थित स्टोर के लिए लाखों पेटियां भेजी जाएंगी।
हिमाचल में केंद्रीय रेल मंत्रालय की यह नई पहल है। यह जगह किन्नौर के सेब को लेकर माकूल मानी जा रही है, इसीलिए इसका चयन किया गया है। किन्नौर, शिमला और कुल्लू के कई क्षेत्रों से सेब की खरीद करने के बाद यहां पहुंचाया जाएगा। यहां सेब के फलों की प्री-कू लिंग की जाएगी। इसमें तुड़ान से लेकर इस कोल्ड स्टोर तक पहुंचाने तक की फलों की हीट को रिलीज किया जाएगा। इससे इनकी शेल्फ लाइफ पहले से अधिक बढ़ जाएगी। यानी इन्हें लंबे समय तक तरोताजा रखा जाएगा। प्री-कूलिंग की प्रक्रिया से गुजारने के बाद सेब के फलों को हरियाणा के सोनीपत स्थित 12 हजार मीट्रिक टन की क्षमता वाले कोल्ड स्टोर तक पहुंचाया जाएगा। दो हजार मीट्रिक टन सेब भी यहीं स्टोर रहेगा। भारतीय रेलवे यहां ऐसे सेब की भी खरीद करेगा, जिसे आमतौर पर रिजेक्ट किया जाता है। इससे यहां जूस, एप्पल कन्संट्रेट आदि बनाने की भी योजना है। इस यूनिट की स्थापना के बाद रेलवे की खरीद क्षमता भी बढ़ जाएगी। इस साल 12 से 15 हजार मीट्रिक टन सेब की खरीद का लक्ष्य है। यह बढ़ाकर 20 हजार मीट्रिक टन किया जा सकता है। रेलवे का यह कोल्ड स्टोर और अन्य इकाइयां स्थानीय सेब उत्पादकों के लिए लाभप्रद साबित होंगी।
केंद्रीय रेल मंत्रालय के अधीन भारतीय कंटेनर निगम की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी फ्रेश एंड हेल्दी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के महाप्रबंधक (कोल्ड चेन) केपी ठाकुर ने पुष्टि की कि सैंज मे कोल्ड स्टोर और अन्य इकाइयों को खोलने की प्रक्रिया चल रही है।

Related posts