
शिमला। ऑल इंडिया ग्रेजुएट इंजीनियर एंड टेलीकॉम ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले बीएसएनएल के इंजीनियर और अकाउंट ऑफिसर मांगों को लेकर सामूहिक छुट्टी पर चले गए हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र सिंह ने बताया कि बीएसएनएल प्रबंधन द्वारा मांगों की अनदेखी के चलते सामूहिक छुट्टी के रूप में रोष जताया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि वेतनवृद्धि को लेकर प्रबंधन की ओर से दोगली नीति अपनाई जा रही है। पेंशन संबंधी लाभ से भी नए अधिकारियों को वंचित रखा जा रहा है। पदोन्नति पॉलिसी में भी नए अधिकारियों के हितों की अनदेखी की गई है। नए कर्मचारियों को भी सभी लाभ मुहैया करवाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
उधर, बीएसएनएल के आला अधिकारियों का कहना है कि ग्रेजुएट इंजीनियरों के सामूहिक अवकाश पर जाने से बीएसएनएल के कामकाज में कोई फर्क नहीं पड़ा है। अलग-अलग सेक्शन से ग्रेजुएट इंजीनियर छुट्टी पर गए हैं। जहां ग्रेजुएट इंजीनियर छुट्टी पर हैं, वहां उनका काम बीएसएनएल के दूसरे इंजीनियर संभाल रहे हैं।
