आलोक गांगुली के गीतों ने लुभाए लोग

शिमला। आकाशवाणी शिमला की ओर से शिमलावासियों के लिए आयोजित क्षेत्रीय लोक एवं सुगम संगीत सभा में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कलाकारों को रूबरू होने का अवसर मिला। गेयटी में हुई इस संगीत सभा में टॉप ग्रेड कलाकार आलोक गांगुली द्वारा प्रस्तुत गीत और भजनों की प्रस्तुति ने यहां बैठे श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद मंच पर उत्तराखंड से पधारीं कलाकार विमला पंत ने अवधि और कुमाऊंनी गीतों की झड़ी लगाते हुए सभागार को अपने मधुर कंठ की ध्वनि से सराबोर कर दिया। बाकी की कसर श्रीनगर से विशेष तौर पर आमंत्रित टॉप ग्रेड कलाकार गुलजार अहमद गनई और साथी ने अपनी उत्तर प्रस्तुतियों से पूरी कर दी। शहरवासियों के लिए कश्मीरी लोक गीतों का आनंद उठाने का यह सुनहरा अवसर एक अलग अनुभव लिए हुए था। संगीत सभा का शुभारंभ केंद्र प्रमुख सुनील भाटिया तथा कार्यक्रम प्रमुख हीरचंद नेगी ने अन्य विशिष्ट अतिथि के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के संयोजक हीरचंद नेगी ने बताया कि आकाशवाणी की ओर से कलाकारों को मंच देने और लोक संस्कृति के आदान-प्रदान को देश के चौदह शहरों में एक ही दिन इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Related posts