बरच्छवाड़ में 40 परिवारों के हलक सूखे

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित बरच्छवाड़ गांव के कई परिवारों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र पेयजल आपूर्ति करने की मांग की है। बरच्छवाड़ में पिछले 15 दिन से करीब 40 परिवारों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। लोनिवि की ओर जेसीबी लगा कर नालियों की खुदाई करने से पानी की पाइपें टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। लोनिवि और आईपीएच विभाग की आपसी खींचतान के चलते आम लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है। गांव के सुरेंद्र कुमार, विद्या प्रकाश, हंसराज, लेखराज, रूप लाल, खेमराज, मुंशी राम आदि ने बताया कि वे पाइपों को जोड़ने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय सहायक अभियंता के कार्यालय के चक्कर काट कर परेशान हो गए हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से शीघ्र पानी देने की गुहार लगाई है। इधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा ने लोगों को आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही क्षतिग्रस्त पाइनों को जोड़ कर प्रभावित लोगों को पेयजल मुहैया करवा दिया जाएगा।

Related posts