सेब सीजन सिर पर, मार्गों की हालत खस्ता

मंडी। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन भारी बारिश के कारण संपर्क मार्गों की हालत बेहद खराब है। जिससे बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाने की चिंता सता रही है। बारिश से अब तक मंडी जोन के तहत लोक निर्माण विभाग को 140 करोड़ की चपत लग चुकी है।
जिला मंडी के जंजैहली, सिराज, चौहारघाटी, बरोट आदि क्षेत्रों में सेब सीजन शुरू होने को है। गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की हालत खस्ता है। डंगे और ल्हासे गिरने के साथ सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। कई सड़कें बारिश से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बारिश से संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित होने से बागवानों को सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने की चिंता सता रही है। बरोट क्षेत्र के नागर नाला में आई बाढ़ से बरोट-मियोट सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा जंजैहली घाटी के कई संपर्क मार्गों की हालत ठीक नहीं है। जंजैहली क्षेत्र के किसान पीतांबर शर्मा, बेली राम, कृष्ण कुमार, सूरत सिंह, जीवानंद, सुरेश कुमार, ब्रह्मानंद आदि का कहना है कि बारिश से संपर्क सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जिस पर भारी भरकम वाहनों की आवाजाही मुश्किल है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि सेब सीजन को देखते हुए क्षेत्र के संपर्क मार्गों को ठीक किया जाए। लोक निर्माण विभाग मंडी जोन के मुख्य अभियंता विजय कपूर ने बताया कि बारिश से अब तक मंडी जोन में करीब 140 करोड़ का निर्माण हो चुका है। बताया कि सेब सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि 24 घंटे ऑन ड्यूटी रहेंगे और मशीनरी को तैयार रखें। बारिश से अगर मार्ग बंद होता है तो उसे तुरंत बहाल करें।

Related posts