दिग्गी बोले, आतंकवाद की वजह आडवाणी की रथ यात्रा

दिग्गी बोले, आतंकवाद की वजह आडवाणी की रथ यात्रा

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता शकील अहमद ने रविवार को इंडियन मुजाहिद्दीन पर विवादित ट्वीट किया था कि इंडियन मुजाहिद्दीन का गठन गुजरात दंगों के बाद हुआ जिसे लेकर काफी विवाद बना हुआ है जो अभी फिलहाल शांत नहीं हुआ था कि कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज विवदित बयान दे दिया। दिग्विजय सिंह ने आज ट्वीट किया कि देश में आतंकी गतिविधियां लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा के बाद बढ़ीं।

साथ ही दिग्विजय सिंह ने कहा कि इंडियन मुजाहिद्दीन है भी या नहीं इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान दिगविजय सिंह ने कहा कि राजनीति के सांप्रदायिकरण में अहम भूमिका आडवाणी की रथ यात्रा है और इसी यात्रा ने देश में आतंकी गतिविधियां बढ़ाई हैं। शकील अहमद का बचाव करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि शकील के बयान को गलत ढंग से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि शकील ने कुछ गलत नहीं कहा और उन्हें नहीं लगता कि पार्टी शकील को बयान वापिस लेने को कहेगी।

सूत्रों के अुसार दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्हें इंडियन मुजाहिद्दीन के बारे में नहीं पता कि वह है भी या नहीं लेकिन हो सकता है मीडिया को इसकी जानकारी हो। गौरतलब है कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने ही आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन पर बैन लगाया है। वहीं बीजेपी ने शकील अहमद के ट्वीट को मूखर्तापूर्ण दलील करार दिया था और कांग्रेस ने भी शकील के बयान से खुद को अलग कर लिया था। सूत्रों का मानना है कि दिग्विजय के आए आज के बयान के बाद भी बवाल खड़ा हो सकता है।

Related posts