
गोहर (मंडी)। मंडी जिले की जंजैहली घाटी में दस साल की मासूम से दुराचार हुआ है। बच्ची के परिजन घर से बाहर थे, इसी का फायदा उठाते हुए गांव के 39 वर्षीय आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी फरार बताया जा रहा है। घाटी में तीन दिन में दुराचार की यह दूसरी घटना है। एसएचओ गोहर नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार घटना के समय नाबालिग घर पर अकेली थी। उसके मां-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने मासूम से दुराचार किया। शाम को जब मां-बाप घर आए तो मासूम ने आपबीती सुनाई। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया है। एसएचओ गोहर नवीन झाल्टा ने बताया कि नाबालिग के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की धरपकड़ को दबिश दी जा रही हैं।
तीन दिन पूर्व घाटी के गुनास गांव में युवक ने 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार किया था। अब दस साल की मासूम के साथ हुई घटना से घाटी हिल गई है। इन मामलों के बाद परिजन अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।
