दस घंटे बंद रहा भंजराडू-बैरागढ़-पांगी मार्ग

तीसा (चंबा)। भंजराडू-बैरागढ़-पांगी मार्ग लगभग 10 घंटे बंद रहा। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार रात को करीब एक बजे के बाद बारिश के कारण शुक्राली नाला के पास भूस्खलन हो गया था। इस कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा हो गए। इसके चलते सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यात्रियों को पांगी और जिला मुख्यालय आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों देसराज, रमेश कुमार, विवेक सिंह, हरीश कुमार और मनोज ने बताया कि मार्ग बंद होने के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सौरभ चौधरी ने बताया कि शुक्राली नाला के पास भूस्खलन होने के कारण मार्ग अवरुद्ध हुआ था। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही जेसीबी भेजी गई। लगभग 12 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया।

भरमाणी माता मंदिर के रास्ते की सफाई की
भरमौर चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर में एनएसएस शिविर का आयोजन किया गया। इस सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयं सेवियों ने मलकोता व भरमाणी माता मंदिर के रास्ते की साफ सफाई की। इसके अलावा बावड़ियों व जल स्त्रोंतों की इर्द गिर्द उगी घास को उखाड़ा और जल स्त्रोतों को भी साफ किया। एनएसएस के प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि एनएसएस के छात्रों ने मलकोता से भरमाणी माता मंदिर तक पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदे और रास्ते से कूड़ा हटाया। इसके अलावा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर राकेश, सुनील, दीपक, पवन, राहुल, पंकज, सुरेखा, सुनीता मौजूद रहे।

Related posts