
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने यूपीए सरकार की सहयोगी जम्मू कश्मीर की सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगाया है कि पाकिस्तान से आतंकियों को बुलाकर जेएंडके में बसाया जा रहा है। उमर अब्दुल्ला सरकार की ओर से उन्हें प्रतिमाह 3 से 4 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सांसद अनुराग ठाकुर यहां उक्त आरोप पत्रकारों के सामने लगाए।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विवि को देहरा से अन्यत्र शिफ्ट करने के प्रयास किए गए तो इसका खामियाजा भुगतना होगा। भाजयुमो प्रदेश भर में युवा आंदोलन छेड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भेदभावपूर्ण नीति के कारण केंद्रीय विवि लटका हुआ है। धर्मशाला और शिमला भूकंप और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं, देहरा उपयुक्त स्थान है।
सांसद ने हिमाचल सरकार पर हमला बोला कि सात माह बाद भी बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा पूरा नहीं हो पाया है। सीएम वीरभद्र सिंह 2100 करोड़ का लोन लेकर एक करोड़ की लग्जरी गाड़ी स्वयं के लिए और 35 लाख की गाड़ियां मंत्रियों के लिए खरीद रहे हैं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने देहरा हलके के शिवनाथ और बीहण गांव में जनसभाएं की। इस मौके पर विधायक रविंद्र सिंह रवि, देहरा जिलाध्यक्ष नरेश कुमार, महासचिव अरविंद धीमान, मंडलाध्यक्ष जगदीप डढवाल, जसवां-परागपुर के मंडलाध्यक्ष हंसराज आदि उपस्थित रहे।
मोदी की एक छींक पर कांग्रेस में बवाल
अनुराग ने कहा कि मोदी देश के किसी भी कोने में छींक मारते हैं तो कांग्रेस पार्टी के बीच तूफान मच जाता है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा देशभर में एक करोड़ से ज्यादा युवा सदस्य जोड़ेगा। इसलिए नारा दिया गया है कि ‘जुड़ेगा युवा बदलेगा भारत’। उन्होंने कहा कि देशभक्त चंद्रशेखर आजाद के जन्मदिन से सदस्यता अभियान शुरू होगा। जो युवा सबसे ज्यादा सदस्य बनाएगा उस युवा नेता को नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका मिलेगा। इसके लिए देशभर से 500 युवाओं को चुना जाएगा।
