
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। जसवां परागपुर के विधायक विक्रम ठाकुर ने औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में स्थापित उद्योगों के खिलाफ सोमवार को रैली निकाल रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने इनसे उत्पन्न ध्वनि प्रदूषण, वायु प्रदूषण, एक्स-नान, एक्स ट्रक यूनियन को माल ढुलाई का काम न देने तथा उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने जैसी समस्याओं को लेकर लाल टंकी चौक से एकल खिड़की योजना सदस्य सचिव के कार्यालय तक रैली निकाल कर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
विक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां के लोगों का उद्योगपतियों द्वारा किया जा रहा शोषण कतई बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने एकल खिड़की कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार व नेता प्रदेश व क्षेत्र का विकास करवाने में असफल रहे हैं। लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। विक्रम ठाकुर ने कहा कि सरकार लोगों के विकास के लिए कोई कारगर योजना नहीं बना रही है। विडंबना यह रही कि स्थानीय ट्रक यूनियन के प्रधान सहित अन्य सदस्यों ने रोष रैली में भाग नहीं लिया। इस मौके पर शमशेर सिंह, सुखचैन सिंह, शेर सिंह डोगरा, अशोक कुमार, अंजना कुमारी, महिंद्र सिंह, चांद रानी, सुभाष चंद भी मौके पर मौजूद रहे।
क्या कहती हैं कांग्रेस नेत्री विप्लव
रोष रैली पर कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और विधायक निगम के उपाध्यक्ष थे। उस समय इन्हें लोगों की बेरोजगारी, ट्रक यूनियन की माल ढुलाई की समस्या व लोगों की प्रदूषण की समस्या की याद नहीं आई। लेकिन सरकार बदलने के साथ ही लोगों को झूठे भाषणों हितैषी होने के दावे कर रहे हैं। लेकिन असलियत यह है कि भाजपा के शासन काल एक्स-नान एक्स ट्रक यूनियन को माल ढुलाई का काम न मिलने की विकराल समस्या का सामना करना पड़ा था।
