समय पर निपटाएं जनता की शिकायतें : डीजीपी

धर्मशाला। पुलिस महानिदेशक बी. कमल कुमार के सम्मान में आईआरबी द्वितीय वाहिनी सकोह में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस जवानों की मार्च पास्ट की सलामी ली इससे पहले पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी क्षेत्र राकेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा बलवीर ठाकुर, पुलिस अधीक्षक चंबा बीएस शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को कांगड़ा पेंटिंग देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर बी. कमल कुमार ने कहा कि प्रदेश पुलिस को देश में कर्तव्य परायणता, ईमानदारी, परिश्रम एवं सेवा के लिए जाना जाता है। प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के अतिरिक्त आपदा एवं अन्य आपातकालीन स्थिति में पुलिस के जवान अपने जीवन को जोखिम में डालकर लोगों की सेवा और सहायता करते हैं। उन्होंने जवानों से आह्वान किया कि वह पुलिस की गरिमा एवं छवि को बनाए रखने के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करें। हर थाना में लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का समय पर निपटारा किया जाए। इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी क्षेत्र राकेश अग्रवाल ने पुलिस महानिदेशक का स्वागत करते हुए महानिदेशक द्वारा पुलिस बल को सुदृढ़ करने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बशेर सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतर्कता जोगराज सहित जिला में कार्यरत समस्त डीएसपी एवं अन्य अधिकारियों इस सम्मान समारोह में भाग लिया।

31 को होंगे रिटायर
पुलिस महानिदेशक बीक़मल कुमार 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। 1 जनवरी 2013 को बी. कमल पुलिस महानिदेशक बने थे। इससे पहले आरपीएफ, सीआईएसएफ और आईबी में सेवाएं दे चुके हैं।

Related posts