पंजाब के आधार पर दें सभी वेतनमान

कुल्लू। हेम सिंह ठाकुर और एसएस जोगटा गुट के जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सेस राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में कर्मचारी भरपूर सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जेसीसी की बैठक के माध्यम से कर्मचारियों की मांगों को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष रखेंगे। कहा कि पूर्व सरकार ने 1-6-2006 से लागू किए वेतनमानों में भारी विसंगतियां एवं खामियां रखी हैं। इसके समाधान का आग्रह भी सरकार से किया जाएगा। जिला अध्यक्ष सेस राम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सरकार से कर्मचारियों को पंजाब के आधार पर सभी वेतनमान और भत्ते देने, नियुक्ति एवं पदोन्नति पर वेतन देने में दो वर्ष की सीमा शर्त समाप्त करने और ठेके पर रखे कर्मचारियों को नियमित करने की अवधि तीन वर्ष करने का आग्रह किया। सोसाइटी द्वारा नियुक्त कर्मचारियों को वेतन सरकार के खाते से दें। जलवाहकों एवं दैनिक भोगी कर्मचारियों को नियुक्तियां एवं प्रमोशन तय समय के भीतर दें। महासंघ के मुख्य सलाहकार बालक राम ठाकुर ने कहा कि आज की परिस्थितियों में राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ में ईमानदार और स्वच्छ छवि वाले नेतृत्व की आवश्यकता है। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान अमर चंद ठाकुर, महासचिव भादर सिंह, उपप्रधान टीडी ठाकुर, उपप्रधान चंद्र प्रभा ठाकुर, उपप्रधान विनोद कुमार, वित्त सचिव अमर सिंह ठाकुर, संगठन सचिव महेंद्र डोगरा, प्रेस सचिव कर्मचंद, कार्यकारिणी सदस्य कली राम ठाकुर और शहरी इकाई के प्रधान टिकम नेगी आदि मौजूद रहे।

Related posts