
नाहन (सिरमौर)। शनिवार रात हुई मूसलाधार वर्षा ने नाहन शहर के कई भीतरी हिस्सों में भी नुकसान पहुंचाया। चकरेड़ा, आईटीआई, यशवंत विहार के अलावा नगर परिषद वार्ड दो में भी वर्षा के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। वार्ड-2 में नुकसान का जायजा लेने पहुंचीं पार्षद अनीता शर्मा ने स्थानीय लोगों सुनील रमौल, विक्रम मोहिल, बलकीश, धीरज कश्यप, अमरनाथ आदि के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात की। बारिश से सड़कों, नालियों तथा बिजली के खंभों को भी क्षति पहुंची है। रानी बाग में सुखराम एवं सुनील रमौल के घरों के समीप बनी नालियां एवं सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। डंगों के क्षतिग्रस्त होने से घरों में मलबा तथा पानी घुस गया है। इसी प्रकार आईटीआई क्षेत्र में विक्रम मोहिल के मकान के साथ भारी कटाव होने से नुकसान हुआ है। शिमला रोड स्थित झंडा जी में राजू के मकान के समीप बना रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। पार्षद अनीता शर्मा ने नगर परिषद एवं जिला प्रशासन से प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। उधर, इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। नगर परिषद इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।
