ट्रैक्टर खाई में लुढ़का, चालक की मौत

नगवाईं (मंडी)। देर शाम गाड़ागुसैणी के समीप पागलदाड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल को बंजार अस्पताल में दाखिल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर शाम ट्रैक्टर गाड़ागुसैणी की ओर जा रहा था। पागलदाड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब पचास मीटर नीचे खाई में जा गिरा। चालक सुकड़ा गांव निवासी वीर सिंह तथा थाटाधार निवासी राम लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वीर सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। राम लाल को बंजार अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया गया। औट थाना प्रभारी अनिल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक वीर सिंह का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts