
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में सावन माह के सोमवार मेले आज से शुरू होंगे। सुबह चार बजे मंदिर में आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर के समीप स्थित प्राथमिक पाठशाला में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर और खीर गंगा घाट में सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला व पुरुष पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। रात नौ बजे के बाद मंदिर में आरती के बाद कपाट बंद होंगे।
सोमवार से सावन माह के पहले सोमवार के मेले को लेकर ऐतिहासिक शिव मंदिर के न्यास और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर के नीचे विनबा खड्ड के किनारे पर स्थित खीर गंगा घाट में में गत दिनों बारिश से क्षतिग्रस्त हुए भाग को भी ठीक कर दिया गया है। घाट में लाइट व्यवस्था और घाट को जाने वाली सीढ़ियों में साफ-सफाई करवा दी गई है। वहीं मंदिर कैंपस में लाइनों में लगने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टैंट लगाया गया है। मंदिर न्यास के सचिव एवं तहसीलदार डीसी सिंह, मंदिर न्यास ट्रस्टी रमेश चड्ढा और बलदेव नंदा मंदिर में प्रबंध कार्यों की देखरेख के लिए उपस्थित रहेंगे। मंदिर न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम ओपी ठाकुर ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
