
नई दिल्ली : देश में आतंकवादी हमले की सूचना मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में भगदड मची है सुरक्षा एजेंसियों के इस अलर्ट के बाद देश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों की सुरक्षा बढा दी गई है। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गौरतलब है कि बिहार के बोधगया में आतंकवादी हमले के बाद से पूरे देश में सुरक्षा संबंधी सतर्कता बरती जा रही है।
इस बीच मुंबई में हवाई अड्डों पर हमले की आशंका के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सात पृष्ठों की एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में पुलिसकर्मियों को कई दिशा निर्देश दिए गए है। एडवाइजरी में सभी थानों को अलर्ट रहने को कहा गया है। खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस के तमाम बडे अफसरों को सडक पर उतरकर गश्त करने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा विदेशी कार्यालयों की भी सुरक्षा कडे करने के निर्देश दिए गए है। रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर सभी लोगों की जांच की हिदायत दी गई है। इसके अलावा माल,अस्पताल और बाजारों की भी सुरक्षा से जुडे दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
