
रामपुर बुशहर। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नित्थर के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त कर्मचारियों के पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इन पदों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। नित्थर के बाल विकास परियोजना अधिकारी सत्यापाल वर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र बिझली, कलारस, सुनैर और पनागड़ी में कार्यकर्ता के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र रजौड़ी तथा शगावली में मिनी कार्यकर्ता का पद भरा जाएगा। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र सिरकोटी, बाहण, बाड़ी, न्यू कुंदर, अवेरी, शटलधार, डीम और दुराह में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाने हैं। इच्छुक महिला उम्मीदवार उसी गांव या उप गांव की स्थायी निवासी होनी चाहिए। आवेदक के परिवार की अधिकतम सालाना आय बीस हजार रुपये या इससे कम हो और उसके परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी या अर्धसरकारी नौकरी में नहीं होना चाहिए। उम्मीदवार की आयु 21 और 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए दसवीं और सहायिका के लिए आठवीं पास रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर आवेदन पूर्ण पते सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नित्थर में जमा करवा सकती हैं। यदि कोई पात्र उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक किन्हीं कारणों से अपना आवेदन कार्यालय में जमा नहीं करवा पाती हैं तो वह सभी अनिवार्य दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार के दिन प्रात: दस बजे चयन समिति के समक्ष उपस्थित हो सकती हैं।
