मोदी को मिला शिव सेना का साथ!

मोदी को मिला शिव सेना का साथ!

नई दिल्ली: शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार यहां कहा कि वह आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी जब भाजपा की गोवा में हुई कार्य कारिणी की बैठक में 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाए गए थे तो उसके बाद मोदी उनके पास आए थे और उन्होंने उसी दौरान मोदी को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उनकी पार्टी मोदी के साथ मिलकर काम करेगी।

यह पूछने पर कि बाल ठाकरे जीवित थे तो उन्होंने लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज को प्रधानमंत्री पद के लिए अपना समर्थन दिया था ठाकरे ने कहा कि उस समय मोदी का नाम सामने नहीं आया था।

शिव सेना प्रमुख ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, राजग अगले आम चुनाव में सरकार बनाएगा। यह पूछने पर कि राजग की सरकार बनने पर मोदी प्रधानमंत्री चुने जाएंगे ठाकरे ने कहा कि प्रधानंत्री पद के लिए पहले भाजपा को नाम तय करना है और उसके बाद राजग में इस मामले में चर्चा होगी।

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या उन्हें राजग का संयोजक बनाया जाएगा उन्होंने कहा कि इस बारे में कहीं कोई चर्चा नहीं हुई है। शिव सेना प्रमुख बनने के बाद पहली बार दिल्ली आए ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन के कारण देश में कई तरह की समस्याएं पैदा हो गई है इसलिए अब राम मंदिर की जगह इन ज्वलंत समस्याओं को मुद्दा बनाया जाना चाहिए और उनके हल की बात की जानी चाहिए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजग से हटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका निर्णय है लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि नीतीश में यह फैसला जल्दबाजी में लिया है।

Related posts