खानपुर रेंज के जंगल में मिला हाथी का शव

रुड़की/ भगवानपुर। शनिवार सुबह खानपुर रेंज में एक हाथी का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने हाथी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बांद में शव को दफना दिया गया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खानपुर रेंज के शाहमंसूर ब्लाक के जंगल में एक हाथी का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी तत्काल सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के अनुसार मृत हाथी की उम्र तकरीबन 40 साल है। अधिकारियों ने दावा किया कि हाथी की स्वभाविक मृत्यु हुई है। हाथी की मौत शुक्रवार रात होने की अंदेशा अधिकारी जता रहे। वहीं अधिकारियों के अनुसार हाथी बिना दांत वाला है। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने हाथी का पोस्टमार्टम करा उसे दफना दिया। हाथी का पोस्टमार्टम डा. अभय कुमार और डा. महेंद्र कुमार ने किया।

ग्रामीणों में रही हाथी के शिकार की चर्चा
रुड़की। वन विभाग के अधिकारी के अनुसार पाया गया शव हाथी का था। वहीं ग्रामीणों के अनुसार वह टस्कर का शव था। जिसका एक दांत गायब था। ग्रामीणों में पूरे दिन इसी बात की चर्चा रही कि टस्कर का शिकार किया गया था और वन विभाग के अधिकारी बात दबाने के लिए उसे हाथी का शव बता रहे हैं।

मखना हाथी का शव मिलने की जानकारी मिली है। मखना हाथी के दांत नहीं होते हैं। हाथी का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। प्रथम दृष्ट्या में हाथी की मौत स्वाभाविक प्रतीत हो रही है।
-सनातन, डीएफओ, हरिद्वार रेंज

Related posts