टीईटी प्रशिक्षु शिक्षकों पर लाठीचार्ज की निंदा

अल्मोड़ा। मौलिक नियुक्ति की मांग को लेकर देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे टीईटी प्रशिक्षु शिक्षकों पर पुलिस लाठीचार्ज की शिक्षा मित्र संगठन और बसपा ने निंदा की है। शिक्षा मित्र संगठन जिला कार्यकारिणी की यहां हुई बैठक में वक्ताओं ने टीईटी प्रशिक्षु शिक्षकों की मांग पर कार्रवाई नहीं होने पर समर्थन में देहरादून कूच करने का ऐलान किया।
उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षा मित्रों, प्रशिक्षु शिक्षकों को शीघ्र नियमित नियुक्ति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि डीईएल ईडी प्रशिक्षण ले रहे शिक्षा मित्रों और प्रशिक्षु शिक्षकों को नियमित नियुक्ति प्रदान की जाए। बैठक में जिलाध्यक्ष दर्शन बिष्ट, मीडिया प्रभारी प्रकाश पांडेय, उपाध्यक्ष जसवंत कड़ाकोटी, महिला उपाध्यक्ष रेखा विद्यार्थी आदि मौजूद थे।
इधर, बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव बीआर धौनी ने भी टीईटी प्रशिक्षुओं पर हुए लाठीचार्ज की आलोचना की है। उन्होंने टीईटी प्रशिक्षितों को पूर्ण वेतन के साथ विद्यालयों में तैनाती देने की मांग की। उन्होंने शिक्षकों के दैनिक कार्य घंटों में वृद्धि करने संबंधी फरमान पर नाराजगी जताई है।

Related posts