पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग महिला से ठगे जेवरात

नई दिल्ली। मधु विहार इलाके में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने 72 साल की एक बुजुर्ग महिला को लुटने का डर दिखाकर जेवरात उतरवा लिए। बाद में संभालकर रखने की बात कहकर कागज में नकली जेवर लपेटकर बैग में डाल दिए और चलते बने। पीड़िता हेमलता की शिकायत पर मधु विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हेमलता परिवार के साथ हिमवर्षा अपार्टमेंट, आईपी एक्सटेंशन में रहती हैं। शनिवार को सुबह करीब 10:20 बजे मंदिर के लिए घर से निकलीं। रास्ते में उन्हें एक युवक मिला। उसने कहा कि आपको पुलिस वाले बुला रहे हैं। पीड़िता उनके पास पहुंचीं तो बाइक पर बैठे शख्स ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए हेमलता को लुटने का डर दिखाया। हेमलता के मना करने के बावजूद दूसरे शख्स ने जबरन जेवरात उतारकर एक कागज में लपेट कर उनके बैग में रखे और दोनों वहां से चले गए। मंदिर पहुंचकर हेमलता को अपने चार कड़े और तीन अंगूठी गायब होने का पता चला। दरअसल, बदमाशों ने असली जेवरातों की जगह लोहे के जेवरात बदल दिए थे।

Related posts