बंद हुए सातवीं लिस्ट के दाखिले

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शनिवार को सातवीं कट ऑफ लिस्ट के दाखिले बंद हो गए। सातवीं लिस्ट के दाखिलों के पूरा हो जाने के बाद भी कई कॉलेजों में सामान्य और रिजर्व कैटेगरी की सीटें खाली रह गई हैं। अब 23 जुलाई को आठवीं कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी।
अहम है कि डीयू में 11 जुलाई को पांचवीं लिस्ट जारी हुई थी। जिसके अनुसार 13 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो जानी चाहिए थी। लेकिन 15 जुलाई को ओबीसी, एससी, एसटी व सामान्य श्रेणी के लिए छठी और 18 जुलाई को सातवीं लिस्ट निकाली गई। सातवीं लिस्ट की दाखिला प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई लेकिन अब भी कई कॉलेजों में सीटें खाली हैं। आलम यह है कि ओबीसी व एससी-एसटी का कट ऑफ कम करने के बावजूद सीटें नहीं भर पा रही हैं। लिहाजा अब आठवीं कट ऑफ निकाली जाएगी।
शनिवार को सातवीं कट ऑफ का अंतिम दिन होने के कारण छात्रों में हड़बड़ी का माहौल भी देखने को मिला। कॉलेजों में आखिरी लिस्ट के बाद भी सीटें खाली होने का कारण आईपीयू की काउंसलिंग व बीएमएस के रिजल्ट को बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि आठवीं लिस्ट में कुछ फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है। जिसके आधार पर छात्रों को दाखिले के लिए तीन दिन मिलेंगे।

24 से शुरू होगा नया सत्र
24 जुलाई से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो रही है। ज्यादातर कॉलेजों में सोमवार (22 जुलाई) को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें छात्रों को कॉलेज की गतिविधियों, शिक्षकों, टाइम टेबल व कॉलेज से परिचित कराया जाएगा। माना जा रहा है कि 22 जुलाई को हो रहे ओरिएंटेशन कार्यक्रम के चलते ही आठवीं लिस्ट 23 जुलाई को जारी की जाएगी।

Related posts