
नालागढ़ (सोलन)। अब शहरी निकाय क्षेत्रों में जलापूर्ति की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए सुखद समाचार है। अब शहरी क्षेत्रों की जलापूर्ति 24 घंटे मुहैया होगी जिससे पानी की कमी की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार ने इसके लिए एक विशेष योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे पानी मुहैया करवाने संबंधी प्रपोजल मांगी थी जिस पर सभी आईपीएच सब डिवीजनों ने अपनी-अपनी प्रपोजल सरकार को भेजी है। प्रपोजल के मुताबिक शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाना है ताकि शहरी क्षेत्रों में बस रहे लोगों को जलापूर्ति मुहैया हो सके।
जलापूर्ति को लेकर होती है मारा मारी
औद्योगिकीकरण के बाद औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के नालागढ़ व बददी शहर में लोगों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। काम की तलाश में यहां दस्तक देने के बाद शहरी क्षेत्रों की जनसंख्या में आशातीत वृद्धि होने से पानी के संकट से लोगों को गुजरना पड़ता है। यही नहीं पानी को लेकर कई बार आईपीएच विभाग के कार्यालय का घेराव तक किया गया है। पूर्व विधायक लखविंदर राणा ने भी शहर की जलापूर्ति की समस्या देखते हुए आईपीएच दफ्तर का घेराव कर आपत्ति जताई थी वहीं कई बार शहर के लोगों ने भी आईपीएच कार्यालय का घेराव किया है। अब प्रदेश सरकार ने नई योजना के तहत ऐसी प्रपोजल मांगी थी जिसमें नालागढ़ शहर भी शुमार है। इस योजना के कारगर ढंग से लागू होने के बाद शहर में रह रहे लोगों को जलापूर्ति सुचारु मिलने की उम्मीद जाग गई है।
भेज दी गई है प्रपोजल
एक्सईएन आईपीएच सुनील कन्होत्रा ने कहा कि सरकार ने ऐसी प्रपोजल मांगी थी जिसे आईपीएच नालागढ़ डिवीजन ने सरकार को प्रेषित कर दिया है। उन्होंने माना कि निश्चित रूप से इस योजना के बाद शहर की जलापूर्ति की समस्या हल होगी।
