आग से झुलस कर महिला की संदिग्ध मौत

चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती सरोल पंचायत के सिद्धपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हो गई है। महिला को बचाते समय पति भी आग से झुलस कर घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को साढ़े 12 बजे के करीब जब इंदु पत्नी नरेश कुमार आयु 30 साल अपने पति के लिए खाना गर्म कर रही थी, तो अचानक स्टोव फट गया और इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। उसे बुझाते समय उसके पति के बाजू और टांगें भी झुलसी हैं। दोनों को रात को ही जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इंदु को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अस्पताल टांडा रेफर किया गया, मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इंदु का पति टैक्सी चालक है, उसका नौ साल का बेटा भी है। उधर, इंदू के पिता ने आग लगने के कारण पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि इंदु और उसके पति नरेश में अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। शनिवार शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बरौर पंचायत के गांव लंजी निवासी इंदु के पिता गौरी शंकर ने बताया कि उनके दामाद अक्सर उनकी बेटी से शराब के नशे में झगड़ा होता रहता था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रात को 12 बजे स्टोव क्यों जलाया जा रहा था। साथ ही कहा कि अगर स्टोव में आग लगी तो इंदु एकदम कैसे जल गई। उधर, एएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इंदु के शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इंदु की मौत से पहले उसका बयान भी दर्ज किया गया है, जिसमें उसने स्टोव से आग लगने की बात कबूलते हुए किसी पर भी आरोप नहीं लगाया है।

Related posts