बीएसएनएल केबल पर चोरों ने किया हाथ साफ

बैजनाथ (कांगड़ा)। गणेश बाजार में रेलवे लाइन के ऊपर एलवी कूहल पर बीएसएनएल की ओएफसी और कापर वायर पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरी के संबंध में निगम के एसडीओ राजेश पठानिया ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। पठानिया ने बताया कि निगम को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ओएफसी के चोरी हो जाने से निचले क्षेत्र के महाकाल, वंडिया खोपा, नगेहड, चोबू, चोबीन, अप्पर व लोअर कुंसल, ठारा, नोहरा, चकोल, माहलपट्ट, धानग, उस्तेहड़, पंतेहड़, कुन्नी, मंधोल, सुकारना व आसपास के अन्य गांवों के करीब 900 टेलीफोन खमोश हो गए हैं। इसके अतिरिक्त मिनी सचिवालय, बीडीओ कार्यालय, सरकारी महाविद्यालय, पंचायती राज संस्थान, पुलिस थाना, लोनिवि के अधिशाषी अभियंता कार्यालय की दूरसंचार सेवा भी ठप हो गई है। एसडीओ पठानिया ने बताया कि चोरों ने करीब 900 पेयर की कापर वायर और ओएफसी को दोनों सिरों से काटने के बाद चुरा लिया है। इसके कारण बैजनाथ वंडियां खोपा की ओएफसी और बैजनाथ जोगिंद्रनगर स्टैंड वाई सुविधा प्रभावित हुई है। विभागीय जानकारी के अनुसार निचले क्षेत्र के बैंकों और सरकारी कार्यालयों की ब्राडवैंड सुविधा सोमवार तक बहाल हो जाएगी। जबकि लैंडलाइन उपभोक्ताओं को करीब दो सप्ताह तक इंतजार करना पडे़गा। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts