युवती को भगाने के आरोप में एक धरा

संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस के अंतर्गत शादी का झांसा देकर लड़की को भगाने का मामला सामने आया है। हालांकि युवकों द्वारा फोन करने पर युवती घर से निकलकर खुद बाहर आई। लेकिन बाद में युवकों ने युवती को कुछ दूर ले जाकर खुद ही उसके घर के बाहर छोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक अजय कुमार तथा वरुण कुमार निवासी तलवाड़ा (पंजाब) ने इलाके के एक गांव की लड़की को फोन कर घर से बाहर बुला लिया। सड़क पर पहुंचते ही युवकों ने युवती क ो मोटरसाइकिल पर बैठाकर पंजाब प्रांत ले जाने की योजना बनाई। आईटीआई मोड़ पर रुकने के बाद गाड़ी का प्रबंध करना चाहा, लेकिन किन्हीं कारणों से गाड़ी किराए पर उपलब्ध न हो पाई। इस पर युवकों ने युवती को पुन: मोटरसाइकिल पर बैठाकर वापस उसे घर के समीप छोड़ दिया। परिजनों ने घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना स्थानीय पंचायत को दी। लेकिन कोई नतीजा न निकलने पर मामला पुलिस चौकी पहुंच गया। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों परिवारों में कोई फैसला न हो सका। इस स्थिति में पुलिस ने युवती के बयान पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार व वरुण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद पीड़िता व युवकों को चिकित्सा जांच के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी युवक को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts