शादी में शरीक होने जा रहे थे, मौत ने घेरा

नूरपुर (कांगड़ा)। शनिवार की दोपहर को मौत की आहट से बेखबर अयोध्या लाल अपनी माता लक्ष्मी देवी और छोटे भाई की बीबी पिंकी देवी व भतीजे प्रियांश के साथ भरमाड़ में शादी में शामिल होने निकला था। लेकिन उसे क्या मालूम था कि रास्ते में क्या हो जाएगा?
इससे पहले ही अयोध्या लाल और उसकी बुजुर्ग मां लक्ष्मी देवी को काल पल भर में निगल गया। देखते ही देखते स्कूटी व बोलेरो जीप की टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। जहां इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मां-बेटे के शव सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे, तो वहीं दूसरी तरफ एक वर्षीय मासूम प्रियांश व उसकी मां पिंकी घायलावस्था में तड़प रहे थे। बिजली बोर्ड में बतौर लाइनमैन कार्यरत अयोध्या लाल अपने परिवार के सदस्यों के साथ भरमाड़ में किसी रिश्तेदार की शादी में शरीक होने जा रहा था। जबकि उसका छोटा भाई तिलकराज मलकवाल में स्कूटर मैकेनिक है। अयोध्या लाल का एक बेटा है, जो चौथी कक्षा का छात्र है। इस हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। चार भाइयों के संयुक्त परिवार में रहने वाले अयोध्या लाल के घर मातम छाया हुआ है।

Related posts