जानवर चराने गए युवक पर सुअरों का हमला

बागेश्वर। सिमगड़ी न्याय पंचायत के ग्राम पंचायत महरूड़ी का एक युवक अपने जानवरों को चराने के लिए पास के जंगल में गया था। अचानक उस पर सुअरों के झुंड ने हमला कर घायल दिया। उसने बमुश्किल पेड़ में चढ़कर जान बचाई। बाद में जब सुअर वहां से चले गए तो किसी तरह जान बचा कर वह घर पहुंचा। उसके बाद ग्रामीण उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धरमघर ले गए।
लमजिंगड़ा के प्रधान होशियार सिंह के अनुसार महरूड़ी गांव निवासी 31 वर्र्षीय हीरा सिंह गैढ़ा पुत्र परम सिंह गैढ़ा शुक्रवार की सुबह अपने जानवरों को लेकर चुतराड़ी के जंगल गया। जैसे ही वह जंगल पहुंचा तो उस पर लगभग 10 सुअरों ने हमला कर दिया। सुअरों के हमले से उसके जांघ, हाथ छाती आदि में गहरे जख्म हो गए। इतना सब कुछ होने के बाद भी हीरा ने हिम्मत नहीं हारी वह पास में ही एक पेड़ पर चढ़ गया। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके शोर मचाते ही आस-पास के लोग वहां पहुंचे। ग्रामीण उसे प्र्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धरमघर ले गए। जहां मरहम पट्टी के बाद उसे घर ले आए। प्रधान ने बताया कि उसे जांच के लिए शनिवार को जिला अस्पताल ले जाएंगे। महरूड़ी के प्रधान मोहन सिंह ने वन विभाग से पीड़ित को मुआवजा देने और सुअरों से निजात दिलाने की मांग की है।

Related posts