
पौड़ी। स्कूलों के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अनुपस्थित पाए जाने पर डीईओ ने पोखड़ा ब्लाक के हाईस्कूल मटगल की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। इस स्कूल में एक मात्र प्रधानाध्यापिका है जबकि एक ही छात्रा अध्ययनरत है।
डीईओ (बेसिक) यशवंत चौधरी ने बताया कि स्कूलों के निरीक्षण के दौरान जब पोखड़ा ब्लाक के कन्या जूनियर हाईस्कूल मटगल में पहुंचे तो वहां तैनात प्रधानाध्यापिका सुशीला विद्यालय से अनुपस्थित मिली। इस पर प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया। जबकि विद्यालय में मात्र एक ही छात्रा अध्ययनरत है और वह भी नहीं मिली। डीईओ चौधरी ने बताया कि पहले इस स्कूल में तीन शिक्षिकाएं तैनात थी। छात्रा संख्या कम होने के कारण यहां से दो शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में संबद्ध कर दिया गया है। अब डीईओ ने बीईओ को विद्यालय में पढ़ रही छात्रा का एडमिशन उसके घर से एक किमी के दायरे में स्थित किसी दूसरे स्कूल में कराने और विद्यालय का कार्यभार अपने हाथों में लेने के निर्देश दिए हैं।
