
पिथौरागढ़। मंडलायुक्त आरके सुधांशु ने लोनिवि के मुख्य अभियंता को धारचूला और मुनस्यारी के ग्रामीण इलाकों में आवागमन बहाल करने के लिए ट्राली लगाने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने प्रभावितों के पुनर्वास के लिए वन भूमि तलाशने के निर्देश डीएफओ को दिए। आपदा प्रभावितों को निशुल्क सोलर लालटेन देने के भी आदेश उरेडा को दिए हैं।
पंडा फार्म में आपदा राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि यातायात बहाल करने के लिए लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को धारचूला में कैंप करने के निर्देश दिए। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि 125 बंद मार्गों में से 76 मार्ग खोल दिए गए हैं। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने बताया कि पैदल मार्ग खोल तो दिए हैं लेकिन आवागमन में खतरा बना हुआ है। आवागमन के लिए 17 गरारी पुलों की आवश्यकता है।
डीएम ने बताया कि अब तक 3190 परिवारों को मुफ्त राशन बांटा गया है। धारचूला, मुनस्यारी के गोदामों में पर्याप्त राशन है। प्रभावितों को दस दस लीटर केरोसिन देने की तैयारी चल रही है। कमिश्नर ने बिजली विभाग को मदकोट क्षेत्र में बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक एल फैनई, लोनिवि के सचिव अमित नेगी, केएमवीएन के एमडी दीपक रावत, अपर जिलाधिकारी बीएल राना समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।
