
अस्कोट (पिथौरागढ़)। सोमवार की रात अस्कोट थानांतर्गत सूनाकोट (गर्खा) में बुजुर्ग महिला से मारपीट कर जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद हो गए हैं।
थानाध्यक्ष मंगल सिंह ने बताया कि सूनाकोट निवासी राधा देवी (55) पुत्री हर सिंह अकेली रहती थी। मंगलवार को वह अपने घर में लहुलुहान और बेहोशी की हालत में मिली। बदमाश महिला को मरी समझ कर छोड़ गए थे। महिला के कानों से सोने के कुंडल लूट गए थे। ग्राम प्रधान उमेश भट्ट ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की जांच के दौरान गांव के ही दो युवकों पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सूनाकोट निवासी मुकेश कुमार (19) हरीश प्रसाद (28) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। दोनों के कब्जे से महिला से लूटे गए एक जोड़ी सोने के कुंडल बरामद कर लिए गए है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
