
नाचनी/पिथौरागढ़। लगातार हो रही बारिश और रामगंगा के कटाव ने रातीगाड़ और हरड़िया के पास थल से मुनस्यारी जाने वाली सड़क को जबरदस्त नुकसान हो रहा है। बृहस्पतिवार की रात से बंद सड़क शुक्रवार को दोपहर 12 बजे खुली, मलबा आने से सड़क बार बार बंद हो जा रही है। रातीगाड़ में तैयार की गई वैकल्पिक सड़क में कीचड़ होने से वाहनों को डोजर से खींचना पड़ रहा है। मदकोट की आवाजाही जौलजीबी और मुनस्यारी दोनों ओर से बंद है।
थल-मुनस्यारी सड़क को पिछले कुछ साल से नुकसान पहुंच रहा है लेकिन इस बार के जल प्रलय ने सड़क को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है। जमीन दरक दरक कर रामगंगा में समा रही है। हरड़िया नाला उफान पर होने से आवाजाही में और दिक्कत आ रही है। रातीगाड़ और हरड़िया में दी से हो रहे कटाव को रोकने के लिए मजबूत तटबंद बनाने की जरूरत है। पिछले वर्ष प्रशासन ने रातीगाड़ और हरड़िया में वैली ब्रिज बनाने, नदी की धारा का रुख मोड़ने का ऐलान जोरशोर से किया था लेकिन अनेक सरकारी फरमानों की तरह ही यह फरमान भी वहां में ही लटका रह गया।
हरड़िया और रातीगाड़ में रोज हो रोज आवागमन बाधित होने से वहां पर रेस्क्यू टीम का होना जरूरी है। बृहस्पतिवार को मुनस्यारी के एसडीएम एके शुक्ला ने कहा था कि लोगों की मदद के लिए पुलिस, होमगार्ड के जवानों को तैनात करने की बात कही था, इस पर शुक्रवार को भी अमल नहीं हुआ।
