विधायक ने सुनी लोगों की समस्याएं

बारिश से चार आवासीय भवन क्षतिग्रस्त
खौफ के साये में जीवन यापन कर रहे ग्रामीण
रास्ते क्षतिग्रस्त होने से बल्लियों के सहारे कर रहे आवाजाही
ग्रामीणों ने की विस्थापन की मांग
घाट/नंदप्रयाग। क्षेत्र में हो रही बारिश से बांसबाड़ा, बंगाली, मोख मल्ला आदि गांवों में भूस्खलन सक्रिय हो गया है, जिससे ग्रामीण खौफजद हैं। मोख मल्ला गांव में आम रास्ते क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण बल्लियों के सहारे जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात्रि को हुई भारी बारिश से कुरुड़ पल्ला गांव में मुंशीचंद गौड़, मथुरा प्रसाद, चंद्रबल्लभ और बसंती देवी के आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं दिनेश प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद, अनसूया प्रसाद, राजेश प्रसाद और नरेश प्रसाद के आवासीय भवनों में दरारें आने से वे अब रहने लायक नहीं रहे हैं। प्रधान कुरुड़ नंदी देवी ने जिला प्रशासन से भू-स्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर गांव के विस्थापन और मुआवजे की मांग की। वहीं क्षेत्रीय विधायक डा. जीतराम ने बांसवाड़ा, धुर्मा, मोख तल्ला, बांजबगड़, तेलाण, गरणी, सैंती बगड़, फरखेत, कुरुड़, लुणतरा, फालक, चरबंग, नंदप्रयाग क्षेत्रों का दौरा कर आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनी और प्रभावितों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुखवरी रौतेला, कर्ण सिंह नेगी, खिलाफ सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह रावत आदि मौजूद थे।

Related posts