
शक्तिफार्म। बृहस्पतिवार की रात भारी बरसात से क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव की स्थिति है। अरविंदनगर ग्रामसभा के तहत सात और आठ नंबर गांवों के दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुस आया। कई स्कूल परिसरों में तीन फीट तक जलभराव से अध्यापन कार्य प्रभावित रहा। सात व आठ नंबर गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों ने मुआवजे की मांग की।
अरविंदनगर ग्रामसभा के निचले हिस्से में स्थित सात व आठ नंबर गांव में सुबह होने तक लोगों के घरों में पानी घुस आया। जलभराव के कारण कई काश्तकारों की बेमौसमी धान की फसल सड़कर नष्ट हो गई। अनेकों काश्तकारों के मौसमी धान की पौध जलभराव से बर्बादी के कगार पर है। ग्रामीणों ने बताया कि गत दिनों बैगुल तटबंध टूटने से गांव में आई बाढ़ से अनेकों प्रभावित मुआवजे से वंचित है। जलभराव से गुरुग्राम, सुरेंद्रनगर व नगर स्थित प्राथमिक स्कूलों में पठन-पाठन प्रभावित रहा। तहसीलदार ऋचा सिंह ने दोनों गांवों का मुआयना कर राजस्व कर्मियों को आख्या देने के निर्देश दिए।
