राजजात यात्रा मार्ग में लगेंगी 75 सौर ऊर्जा लाइटें

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा की व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। डीएम ने उरेडा से मार्ग में सौर ऊर्जा की 75 स्ट्रीट लाइट पोस्ट लगाने को कहा।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी से यात्रा मार्ग के नंदादेवी मंदिर अल्मोड़ा, केएमओयू बस स्टेशन, लक्ष्मेश्वर, सोमेश्वर के छानी और ल्वेशाल में एक-एक शौचालय का निर्माण करने को कहा। इसके अलावा उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी को जीजीआईसी अल्मोड़ा से ड्योड़ीपोखर मंदिर परिसर, नंदादेवी मंदिर परिसर, लोअर मालरोड कर्नाटकखोला क्षेत्र में चार-चार, लक्ष्मेश्वर तिराहे पर दो, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, सिकुड़ा गोलू मंदिर के अलावा नगर के तीन शौचालयों में एक-एक सौर ऊर्जा स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ताकुला ब्लॉक के माला, छानी, ल्वेशाल गावों में भी 55 सौर ऊर्जा स्ट्रीट लाइट पोस्ट लगाने को कहा। उन्होंने लोनिवि, जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों से यात्रा मार्ग की सड़कों के सुधारीकरण करने और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था करने को कहा।

Related posts